नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर इस साल भी इंडियन प्रीमियर लीग की ट्रॉफी नहीं जीत पाई। एक बार फिर RCB फैंस के सपने टूट गए। टीम इस सीजन प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच पाई। ऐसे में दुनियाभर में RCB के फैंस के अरमानों पर पानी फिर गया है और वे शोक मना रहे हैं। इस लिस्ट में मशहूर क्रिकेटर और RCB के पूर्व खिलाड़ी क्रिस गेल भी शामिल हैं।
क्रिस गेल इस साल टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं। हालांकि, बीते सीजन में वह विराट कोहली की टीम के लिए बेहतरीन अंदाज में खेल चुके हैं। इस साल जब RCB बाहर हुई तो वह भी अपना दुख छुपा नहीं सके। हालांकि,उन्होंने अलग तरीके से अपना गम बयां किया है। उन्होंने एक इंस्टाग्राम रील के जरिए अपनी भावनाएं साझा की हैं।
RCB के बाहर होने पर ‘रोए’ क्रिस गेल
क्रिकेटर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने एक आर्टिस्ट दीपराज जाधव के साथ कॉलैबोरेट किया है। ‘मुन्ना भाई MBBS’ से प्रेरित इस रील में देखा जा सकता है कि कैसे दोनों RCB के आखिरी मैच पर भावुक हो गए हैं और शोक मना रहे हैं। फिर दोनों इस बात को सोचकर खुश हो जाते हैं और अगले साल फिर टूर्नामेंट होगा और फैंस की उम्मीदें एक बार फिर जागेगी। इसे शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा- ‘वो रात RCB 2 बजे तक पीया…’
IPL 2023 में खत्म हुआ RCB का सफर
आरसीबी ने अपने अंतिम लीग मुकाबले में शानदार खेल दिखाया। पूर्व कप्तान विराट कोहली ने 61 गेंद पर नाबाद 101 रनों की पारी खेली। RCB ने 20 ओवर में 197 रन बनाए थे। 198 रनों लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की ओर से शुभमन गिल ने RCB पर तीखा पलटवार किया और शानदार शतक जड़कर कोहली की मेहनत पर पानी फेर दिया। गिल के 52 गेंदों में नाबाद 104 रन बनाकर गुजरात टाइटन्स को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाया। भारत के पूर्व कप्तान कोहली की तरह गिल का यह लगातार दूसरा शतक था। गिल ने आठ छक्के और पांच चौके लगाए।