बारिश की मार से मैदानी इलाकों में आफत,पहाड़ों पर आया ‘जलप्रलय’! यहां दरकने लगा पहाड़
नई दिल्ली। आधा हिंदुस्तान इस वक्त भारी बारिश की मार झेल रहा है। शहर-शहर बारिश से आफत मची हुई है। नदी-नाले उफान पर हैं तो कई जगह बारिश का पानी घरों में घुस आया है। एक तरीके से कहा जाए तो आधे हिंदुस्तान पर बारिश का आपातकाल लगा हुआ है। पूरे उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में बारिश का सितम जारी है। मॉनसून की बारिश कई शहरों में राहत कम आफत ज्यादा लेकर आई है। गुजरात के नवसारी में भारी बारिश के बाद अंडर पास में इतना पानी भरा कि कार डूब गई। कार सवार अंडरपास को पार करने की कोशिश कर रहे थे। अंडरपास में पानी भरा हुआ था। कार सवार पानी का अंदाजा नहीं लगा पाए और कार डूब गई। जिसके बाद फायर बिग्रेड ने स्थानीय लोगों की मदद से कार और उसमें सवार चार लोगों को बाहर निकाला।
बारिश के बाद डरा रहा पानी का शोर!
गुजरात के डांग के गिरमल वाटरफॉल से भी भयावह तस्वीरें आई हैं। भारी बारिश के बाद इस वाटरफॉल में पानी उफना रहा है। भारी बारिश के बाद पानी का शोर डरा रहा है और ये पानी जब नदियों से जाकर मिलेगा तो बेहद खतरनाक साबित होगा। बारिश कैसे जान आफत में डाल सकती है इसका अंदाजा राजकोट की घटना से लगा सकते हैं। राजकोट में भारी बारिश की वजह से तीन टूरिस्ट फंस गए थे। बाद में उनको सरपंच और फायर ब्रिगेड की मदद से बाहर निकाला गया। जूनागढ़ में भी डैम ओवरफ्लो हुआ तो सड़कों पर सैलाब नजर आने लगा। यहां लोगों के घरों में पानी घुस गया।
मध्य प्रदेश में मुसीबत बनी बारिश
मध्य प्रदेश में भी बारिश मुसीबत लेकर आई है। बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव हो गया। ग्वालियर के जिला अस्पताल में वाटरलॉगिंग लोगों के लिए परेशानी की सबब बन गई। करीब एक घंटे हुई बारिश से यहां घुटनों तक पानी भर गया। उधर रीवा में नदी नाले-उफान पर हैं। यहां एक युवक नदी में आए उफान में फंस गया। स्थानीय लोगों ने रस्सियों की मदद से किसी तरह उसकी जान बचाई।
दिल्ली-एनसीआर में भी जलजमाव से समस्या
एमपी में बारिश से फिलहाल कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दिनों में भी भारी बारिश आफत मचा सकती है। उधर दिल्ली-एनसीआर और यूपी में भी बारिश के चलते लोगों को मुसीबतें झेलनी पड़ी है। दिल्ली सचिवालय में बारिश के बाद जलजमाव हो गया,जिसके चलते ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। यहां गाड़ी रेंग-रेंगकर चलती नजर आईं। दिल्ली में हुई बारिश एक ऑटो ड्राइवर की जान पर भारी पड़ गई। वजीराबाद रोड के सर्विस रोड पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास पानी से भरे एक गड्ढे में डूबकर ऑटो चालक की मौत हो गई।
वहीं,देश की आर्थिक राजधानी मुंबई भी मॉनसूनी बारिश में पानी-पानी हो गई है। भिवंडी इलाके में बारिश से जलभराव हो गया। घुटनों तक भरे पानी में गाड़ियां रेंग-रेंगकर चलती नजर आईं। वहीं अंधेरी सब-वे में तो हालात और खराब नजर आए। सब-वे में कई फीट तक पानी भर गया। अनहोनी के अंदेशे के चलते वहां ट्रैफिक रोक दिया गया।
जहां एक तरफ मैदानी इलाकों में बारिश आफत लेकर आई है, तो वहीं पहाड़ों पर भी बारिश सितम ढा रही है। कई जगह पहाड़ दरकने शुरू हो गए हैं। ये खौफनाक तस्वीरें उत्तराखंड के पिथौरागढ़ की है, जहां बारिश के चलते आए भूस्खलन से बड़े-बड़े पत्थर सड़कों पर आ गए। गनीमत रही खतरे को देखते हुए वहां पहले ही ट्रैफिक रोक दिया गया था।
वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। मॉनसूनी बारिश से नुक़सान और तबाही का मंजर नजर आता है। तेज बारिश के चलते शहर-शहर जनजीवन प्रभावित हुआ है, मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अभी ये मॉनसून का ट्रेलर भर है, आशंका है कि आने वाले दिन और मुश्किलों से भरे हो सकते हैं।