पीवी सिंधु की झोली में स्वर्ण पदक, राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार गोल्ड पर किया कब्जा
विस्तार
भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत लिया है। उन्होंने सोमवार (आठ अगस्त) को महिला एकल के फाइनल में कनाडा की मिशेल ली को हरा दिया। सिंधु ने यह मुकाबला 21-15, 21-13 से अपने नाम किया। वह पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहीं। इससे पहले 2018 गोल्ड कोस्ट में उन्हें मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण मिला था। तब एकल में वह साइना नेहवाल के खिलाफ फाइनल हार गई थीं।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों मे ंभारत का बैडमिंटन में यह पहला स्वर्ण पदक हैं। देश को अब तक 19 स्वर्ण, 15 रजत और 22 कांस्य मिल चुके हैं। भारत अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। बैडमिंटन में सिंधु के बाद अब लक्ष्य सेन से पुरुष एकल में स्वर्ण की उम्मीद है।
सिंधु एक बार बीडब्लूएफ वर्ल्ड टूर जीत चुकी हैं और एक बार उपविजेता रही हैं। इंडिया ओपन सुपर सीरीज में वो 2017 में चैंपिनय बनी थीं और 2018 में उपविजेता रहीं। 2016 में उन्होंने चीन ओपन भी जीता। सिंधु 2017 में कोरिया ओपन सुपर सीरीज भी जीत चुकी हैं।