बेतिया की जनता पर चला अक्षरा सिंह के प्रचार का जादू! गरिमा देवी को बनाया मेयर
बेतिया । बेतिया नगर निगम (Bettiah Nagar Nigam) से मेयर पद पर गरिमा देवी सिकारिया (Garima Sikariya) ने जीत दर्ज की है। नव गठित नगर निगम के मुख्य पार्षद के पद पर निवर्तमान सभापति गरिमा देवी सिकारिया की ऐतिहासिक जीत से उनके समर्थकों के बीच जश्न का माहौल है। गरिमा देवी की जीत इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने पूर्व डिप्टी सीएम रेणू देवी (Renu Devi) की बहू सुरभि घई को हराया है। मेयर प्रत्याशी सुरभि तीसरे स्थान पर रहीं। सुरभि पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी के भतीजे राहुल कुमार की पत्नी हैं।गरिमा देवी सिकारिया को कुल 73748 मत मिले हैं, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रजिया बेगम को महज 10490 वोट मिले हैं। वहीं, पूर्व उप मुख्यमंंत्री रेणु देवी के भतीजे की पत्नी सुरभि घई 10123 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहीं।
गरिमा देवी के पक्ष में अक्षरा सिंह ने किया रोड शो
गरिमा देवी जीत से पहले ही काफी चर्चा में रही और उसकी सबसे बड़ी वजह भोजपुरी फिल्मों की एक्ट्रेस अक्षरा सिंह रहीं। दरअसल, गरिमा देवी वही मेयर प्रत्याशी है, जिसके लिए रविवार को भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह (Akshara Singh) रोड शो के लिए आईं थी। इस रोड शो के दौरान उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसमें वह वह नंगे पांव स्कूटी पर बैठकर भाग रही हैं। अभिनेत्री के पैर में चप्पल भी नहीं है। अभिनेत्री के पीछे काफी संख्या में लोग दौड़ते हुए दिखाई दिए।
भीड़ के कारण आगे नहीं बढ़ सका रोड शो
वहीं, स्कूटी गरिमा देवी के पति रोहित सिकारिया चला रहे थे। वीडियो को लेकर बताया गया कि प्रशासन की ओर से रोड शो के लिए सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। नगर भ्रमण करते भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह का काफिला पोखरभिंडा में पहुंचा, तब तक अवधि समाप्त हो चुकी थी। हालांकि, काफिले में युवाओं की भीड़ अधिक थी। इस वजह से रोड शो को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता था।
सेल्फी लेने के चक्कर में बेकाबू हुए हालात
व्यवसायी रोहित सिकारिया ने बताया कि तय सीमा समाप्त हो गई थी और भीड़ अधिक थी। युवा अक्षरा सिंह के साथ सेल्फी लेने के लिए आतुर थे, ऐसे में जब रोड शो खत्म हुआ तो एक्ट्रेस को भीड़ ने सेल्फी के लिए रोक लिया और देखते ही देखते भीड़ इतनी बढ़ गई कि हालात संभालना मुश्किल हो गया। ऐसे में रोहित सिकारिया ने अभिनेत्री को स्कूटी पर बैठाकर ले गए और भीड़ से बचाया।