पटना में पार्किंग विवाद में 3 की मौत,हिंसा:आरोपी के गोदाम-मैरिज हॉल में आग लगाई
पटना। पटना के फतुहा के जेठुली गांव में पार्किंग विवाद की फायरिंग में अब तक तीन लोगों की मौत हो गई है। इसके विरोध में दूसरे दिन सोमवार सुबह से दोपहर तक फिर उपद्रव हुआ। सुबह-सुबह मुख्य आरोपी बच्चा राय के भाई उमेश राय के घर, गोदाम और मैरिज हॉल में पीड़ित गुट ने आग लगा दी।
दोपहर साढ़े बारह बजे अंतिम संस्कार करके लौट रही भीड़ ने पुलिस पर फिर पथराव कर दिया। पुलिस ने चार राउंड हवाई फायरिंग की। आरोपी के घर पीड़ित परिवार धरने पर बैठ गया है। इलाके में तनाव बना हुआ है। 300 से ज्यादा जवान तैनात हैं।
रविवार को दो गुटों- बच्चा राय और चनारिक राय, में झड़प के दौरान राइफल,देसी कट्टा और 9mm के पिस्टल से 50 राउंड फायरिंग हुई थी। गोली लगने से चनारिक गुट के दो लोगों की मौत हो गई थी। चनारिक राय समेत तीन लोग बुरी तरह से घायल हो गए थे। सोमवार करीब तीन बजे घायल मुनारिक राय की भी मौत हो गई। बाकी दो लोगों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
यहां से शुरू हुआ विवाद
बच्चा राय और चनारिक राय के बीच विवाद जिम की छह कट्ठे जमीन को लेकर चल रहा था। जमीन सड़क के किनारे है। कीमत करीब 3 करोड़ है। जमीन पर दोनों गुट दावा जता रहा है। फिलहाल इस पर बच्चा का कब्जा है।
रविवार को बच्चा राय ने जिम के पास गिट्टी गिराई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे चनारिक वहां पहुंचा और गाड़ी पार्क करने लगा। यहां बच्चा और चनारिक में बहस और हाथापाई हुई। थोड़ी ही देर में बच्चा के समर्थक हथियार के साथ पहुंचे और फायरिंग करने लगे। इसमें चनारिक समेत 5 लोगों को गोली लगी।
परिवार और आसपास के लोग पांचों को अस्पताल ले गए। अस्पताल में 25 साल के गौतम की मौत हो गई। करीब एक घंटे बाद 18 साल के रोशन की भी मौत हो गई। लोगों ने बच्चा राय के मैरिज हॉल और उसके भाई के घर में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने महिलाओं और बच्चों को घर से निकाला। तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
पीड़ित परिवार सीएम को बुलाने पर अड़ा रहा
चनारिक राय के परिवार ने सुबह शवों का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। परिवार का कहना था कि जब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव नहीं आते हैं, तब तक लाशें यहीं पड़ी रहेंगी।
चनारिक परिवार के सदस्य दोपहर करीब 12 बजे गौतम के शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। अंतिम संस्कार करके लौट रही भीड़ ने फिर से पुलिस पर पथराव कर दिया। उग्र भीड़ को भगाने के लिए पुलिस ने चार राउंड हवाई फायरिंग की। बाद में 3 बजे के करीब दूसरे मृतक रोशन का भी शव अंतिम संस्कार के लिए निकाला गया।
इधर, उग्र भीड़ ने सुबह-सुबह मुख्य आरोपी बच्चा राय के भाई उमेश राय के घर, गोदाम पर हमला करके आग लगा दिया। बच्चा यादव के मैरिज हॉल को भी दोबारा आग के हवाले कर दिया।
पहले भी हो चुकी है फायरिंग
जमीन को लेकर पहले भी दोनों गुटों में भिड़ंत और गोलीबारी हो चुकी है। गोलीबारी की घटना में एक बार चनारिक की राइफल पुलिस ने जब्त की थी। दोनों गुटों के बीच राजनीतिक रंजिश भी है। बीते पंचायत चुनाव के दौरान भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।
बच्चा राय का भाई उमेश राय पटना साहिब लोकसभा से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुका है। दूसरा भाई सत्येंद्र जदयू व्यवसायी प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव है। गाड़ी पार्किंग एक बहाना था। बच्चा राय की ओर से पहले से तैयारी थी। बच्चा के समर्थक हथियार के साथ फौरन पहुंच गए, जबकि चनारिक के लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे थे।
DGP क्राइम कंट्रोल पर बैठक ले रहे थे…उधर बवाल
DGP आरएस भट्टी रविवार को जिस समय पटना में थानेदारों से लेकर IG तक के साथ बैठक कर रहे थे, उसी समय गाड़ी पार्किंग को लेकर नदी थाना के जेठुली गांव में दो दबंगों के बीच गोलीबारी हो रही थी। गोलीबारी के करीब आधे घंटे के बाद नदी थाना की पुलिस पहुंची।
घायलों को परिजन ही लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुए। दो की मौत होने के बाद कई थानों की पुलिस वहां पहुंची। सैकड़ों लोगों ने पुलिस के सामने गंगा किनारे स्थित मैरिज हॉल और घर को आग के हवाले कर दिया। पुलिस उग्र लोगों को नहीं रोक सकी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण SP सैयद इमरान मसूद के अलावा फतुहा SDPO के साथ दीदारगंज, फतुहा, दनियावां, मालसलामी और बाइपास के थानेदार भी मौके पर पहुंचे। हालत को काबू में करने के लिए पटना से अतिरिक्त पुलिस बल को वहां भेजा गया। पूरे गांव को छावनी में बदल दिया गया है।