यमुना एक्सप्रेसवे पर दो भीषण हादसे: छह की मौत, 30 से अधिक घायल
मथुरा (जनवार्ता)। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कोहराम मचा दिया। मथुरा जनपद के बलदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत माइलस्टोन 140 के पास पहला हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ, जब नोएडा से आगरा जा रही एक ईको गाड़ी को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान धर्मवीर, उनके बेटे रोहित और आर्यन (निवासी बासोनी, आगरा), दलवीर उर्फ छुल्ले, पारस सिंह तोमर (निवासी महोबा, मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। धर्मवीर की पत्नी सोनी और बेटी पायल गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पहले हादसे के कुछ ही देर बाद उसी क्षेत्र में एक यात्री बस असंतुलित होकर पलट गई। बस में सवार लगभग 30 यात्री घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।
हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है जबकि घायलों का इलाज जारी है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। हादसों के चलते यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।