प्रयागराज : मेधावी खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान कर किया गया सम्मानित
हण्डिया, प्रयागराज (जनवार्ता): हण्डिया पी.जी. कॉलेज, हण्डिया, प्रयागराज के शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं ने प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय, प्रयागराज के दीक्षांत समारोह में शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा चयनित मेधावी खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्वर्ण पदक बच्चा प्रसाद और रूपाली सिंह ने प्राप्त किया। रजत पदक बृजेश कुमार, देव तिवारी, कुंदन मिश्रा और रमन को मिला। कांस्य पदक आशीष प्रताप कसौधन, आयुष उपाध्याय, एम.डी. मुख्तार और यादव पूजा सुरेंद्र ने हासिल किया।


महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विवेक पाण्डेय ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल कॉलेज के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने खिलाड़ियों के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रमुख प्रो. मुन्ना सिंह ने इस सफलता को छात्रों की मेहनत और लगन का परिणाम बताया तथा उन्हें भविष्य में और ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर प्रो. अजय सिंह, प्रो. सुरेंद्र सिंह, डॉ. शैलेंद्र कुमार यादव, डॉ. नीरज कुमार सिंह सहित अन्य संकाय सदस्यों ने भी छात्रों की उपलब्धियों की प्रशंसा की। यह उपलब्धि महाविद्यालय की खेल गतिविधियों के प्रति प्रतिबद्धता और छात्रों की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है।

