बालिका महोत्सव में लड़कियों ने उठाई बराबरी की आवाज
बाल विवाह के खिलाफ निकाली रैली
मिर्जामुराद (जनवार्ता) : लोक समिति वाराणसी और आशा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में बुधवार को सेवापुरी ब्लॉक के करधना (भटपुरवां) गांव में बालिका महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सेवापुरी ब्लॉक के दर्जनों गांवों से सैकड़ों किशोरी लड़कियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। लड़कियों ने कन्या भ्रूण हत्या, यौन उत्पीड़न, दहेज और बाल विवाह के खिलाफ गांव में जोरदार रैली निकाली। रैली में शामिल लड़कियों ने नारे लगाए, जैसे- “बाल विवाह पर रोक लगाओ”, “तिलक-दहेज छोड़ो, जाति-पाति तोड़ो”, “भीख नहीं, अधिकार चाहिए, जीने का सम्मान चाहिए”, और “कन्या भ्रूण हत्या बंद करो”।
महोत्सव में लड़कियों ने बालिका अधिकारों पर केंद्रित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और नाटकों के माध्यम से गांव में जुआ और शराबबंदी की अपील की। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य अमन सिंह, लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर और जादूगर रमेश पटेल ने दीप प्रज्वलन कर किया।
लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि समाज में लड़कियों और महिलाओं की स्थिति चिंताजनक है। कई परिवारों में लड़कियों और लड़कों के बीच भेदभाव किया जाता है। अच्छी पढ़ाई के बावजूद कई लड़कियों की कम उम्र में शादी कर दी जाती है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। जिला पंचायत सदस्य अमन सिंह ने बताया कि आज लड़कियां अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं। परिवार और रिश्तेदारों द्वारा यौन शोषण की घटनाएं सामने आती हैं, इसलिए लड़कियों को घरेलू यौन हिंसा के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत आशा मौर्या ने किया, संचालन विमला और अनीता ने, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राजकुमारी ने किया। सोनी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर नवनीत सिंह, प्रीतम शुक्ला, अनीता, सोनी, राजकुमारी, मनीषा, विमला, रमेश पटेल, आशा, रामबचन, संध्या, नंदनी, रंजना, नीलम, उजाला, लक्ष्मी, खुशी, रीमा, आरती, राधा, संगीता, माया, सपना, वंदना, अनुराधा आदि उपस्थित रहे।