एक सप्ताह से जलभराव और कीचड़ से लोग परेशान, जिम्मेदारों की चुप्पी पर बाजारवासियों में आक्रोश
शिवपुर में कल भरत मिलाप और मां काली का भव्य जागरण
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर स्थित नारायण पार्क के समीप मां काली मंदिर के पास जल निगम की पाइप पिछले एक सप्ताह से टूटी पड़ी है। इससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। जिम्मेदारों की अनदेखी से स्थानीय लोगों और बाजारवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।


स्थिति तब और गंभीर हो गई है, जब रविवार को शिवपुर का प्रसिद्ध भरत मिलाप और मां काली मंदिर में भव्य देवी जागरण आयोजित होना है। इन धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में टूटी पाइप से बह रहे पानी के कारण सड़क पर जमा कीचड़ और जलभराव लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। श्रद्धालुओं को इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ सकता है, जिससे फिसलने और आवागमन बाधित होने की आशंका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों की तैयारियां की जा रही हैं, लेकिन सड़क पर बर्बाद हो रहे पानी और कीचड़ की समस्या पर किसी का ध्यान नहीं है। लोगों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब आयोजन में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है, तो इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
क्षेत्रीय नागरिकों ने जल निगम के अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर टूटी पाइप की मरम्मत कराने और सड़क पर फैले पानी व कीचड़ को साफ कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या दूर नहीं की गई, तो भरत मिलाप और देवी जागरण में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ सकती है। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग धार्मिक आयोजन से पहले समस्या का समाधान करा पाता है या नहीं।

