जनता की समस्याओं के समाधान को संकल्पित है सरकार : मुख्यमंत्री योगी
जनता दर्शन में सुनीं 200 लोगों की फरियादें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

गोरखपुर (जानवार्ता) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह गोरखपुर प्रवास के दौरान जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। प्रतिकूल मौसम के कारण इस बार आयोजन गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में हुआ। सीएम ने स्वयं लोगों के पास जाकर उनकी शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को त्वरित व संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता की समस्याओं के समाधान को पूरी तरह संकल्पबद्ध है। किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जबरन जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो और अपराधियों पर सख्ती बरती जाए। बिना भेदभाव के सभी को न्याय सुनिश्चित किया जाए।

जनता दर्शन में महिलाओं की संख्या उल्लेखनीय रही। अपराध संबंधी शिकायतों पर सीएम ने पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को आश्वासन दिया कि धन की कमी से किसी का उपचार नहीं रुकेगा। संबंधित अधिकारियों को इलाज का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कराने और सरकार द्वारा तुरंत धन मुहैया कराने के निर्देश दिए गए।
सीएम योगी ने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए कहा कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

