फरीदाबाद मेडिकल कॉलेज से दो AK-47 और 350 किलो विस्फोटक बरामद

फरीदाबाद मेडिकल कॉलेज से दो AK-47 और 350 किलो विस्फोटक बरामद

तीन डॉक्टर गिरफ्तार

rajeshswari


नई दिल्ली (जनवार्ता) । हरियाणा के फरीदाबाद स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर के फ्लैट से जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दो AK-47 राइफलें और करीब 350 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया है। इस सनसनीखेज कार्रवाई में तीन डॉक्टरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार डॉक्टर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं और मेडिकल संस्थानों की आड़ में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।

मामला उस समय सामने आया जब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज में पूर्व रेजिडेंट डॉ. आदिल को सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया। पूछताछ में डॉ. आदिल ने फरीदाबाद कनेक्शन का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर अनंतनाग में उसकी पुरानी लॉकर से एक AK-47 बरामद हुई थी।

डॉ. आदिल की गिरफ्तारी के बाद एक अन्य डॉक्टर को हिरासत में लिया गया, जिसकी पूछताछ से फरीदाबाद में छिपे हथियारों और विस्फोटकों की जानकारी मिली। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष टीम ने फरीदाबाद में छापा मारा और एक डॉक्टर के फ्लैट से दो AK-47 राइफलें तथा भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किए।

सूत्रों के मुताबिक, तीनों डॉक्टर दक्षिण कश्मीर से हरियाणा तक सक्रिय आतंकी नेटवर्क का हिस्सा थे। पिछले तीन दिनों में जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 500 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें 30 से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए हैं।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की टीमें भी जांच में जुटी हुई हैं। बरामद हथियार और विस्फोटक फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सिर्फ पोस्टर लगाने तक सीमित नहीं, बल्कि एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा है। आने वाले घंटों में साजिश के मास्टरमाइंड का पता चल सकता है।

इसे भी पढ़े   करवा चौथ कब 31 अक्‍टूबर या 1 नवंबर? जानें सही तारीख और चंद्रोदय का समय

इस घटना ने मेडिकल समुदाय में हड़कंप मचा दिया है। डॉक्टरों जैसे जिम्मेदार पेशेवरों का आतंकवाद से जुड़ाव सुरक्षा एजेंसियों के लिए नई चुनौती बन गया है।

Shiv murti

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *