सोनभद्र : मां ने 10 महीने के बेटे को जलते चूल्हे में झोंक खुद फंदे से लटकी
पति से फोन पर हुआ था झगड़ा

सोनभद्र (जनवार्ता)। जिले में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। बभनी थाना क्षेत्र के जोबेदह आसनडीह गांव में एक महिला ने अपने 10 महीने के मासूम बेटे को जलते चूल्हे में फेंक दिया, जिससे बच्चा तड़प-तड़पकर जिंदा जल गया। इसके बाद महिला ने खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
घटना का खुलासा गुरुवार सुबह तब हुआ जब परिवार के सदस्य जागे और बरामदे में रखे चूल्हे में मासूम का अधजला शव देखा। कमरे में झांकने पर महिला फंदे से लटकी मिली। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, मृतका राजपति बुधवार को ही अपने ससुराल छत्तीसगढ़ के ढेंगरपानी से मायके आई थी। रात में उसका पति पतिराज, जो मुंबई के कुर्ला में काम करता है, से फोन पर किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि गुस्से में आकर राजपति ने पहले अपने छोटे बेटे को जलते चूल्हे में झोंक दिया और फिर साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
राजपति का बड़ा बेटा उस समय अपने मामा के साथ दूसरे कमरे में सो रहा था, जिससे उसकी जान बच गई। परिवार के लोग इस घटना से पूरी तरह टूट चुके हैं। महिला के पिता रामसुंदर ने बताया कि बुधवार शाम को सबने साथ खाना खाया था। इसके बाद राजपति अपने छोटे बेटे के साथ कमरे में चली गई और देर रात तक पति से फोन पर बात करती रही। सुबह जब परिजन जागे तो यह भयावह दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।
थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि महिला ने घटना से पहले पति से फोन पर बातचीत की थी। पति-पत्नी के बीच कुछ समय से अनबन चल रही थी, जो संभवतः इस वारदात की वजह बनी।
महिला के ससुर राजकुमार ने बताया कि उनका भाई बुधवार को बहू को लाने ससुराल गया था, लेकिन वह उसी दिन दोपहर में मायके चली आई। घटना की जानकारी उन्हें सुबह मिली।
गांव में इस घटना के बाद से मातम पसरा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
एक मासूम की जिंदगी, एक मां की असमय मौत — दोनों के पीछे एक पल का गुस्सा। समाज के लिए यह एक गहरी सीख छोड़ गया है।

