नीतीश दसवीं बार बनेंगे बिहार के मुख्यमंत्री

नीतीश दसवीं बार बनेंगे बिहार के मुख्यमंत्री

कल गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण

rajeshswari

पटना (जनवार्ता)। बिहार विधानसभा चुनाव-2025 में एनडीए की शानदार जीत के बाद जनता दल (यूनाइटेड) ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को एक बार फिर अपना विधायक दल नेता चुन लिया है। इसके साथ ही नीतीश कुमार लगातार दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

पटना में अलग-अलग हुई जदयू और भाजपा विधायक दल की बैठकों में यह फैसला लिया गया। भाजपा विधायक दल ने सम्राट चौधरी को अपना नेता तथा विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना, जिससे दोनों नेता एक बार फिर उपमुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। हालांकि दूसरा उपमुख्यमंत्री पद अभी तय नहीं हुआ है। सूत्रों के अनुसार भाजपा दोनों डिप्टी सीएम पद अपने पास रखना चाहती है, जबकि सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान एक उपमुख्यमंत्री सहित तीन मंत्रालय की मांग कर रहे हैं। इस पर अभी विचार-विमर्श जारी है।

गुरुवार सुबह 11:30 बजे से पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12:30 बजे तक समारोह स्थल पर पहुंचेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को ही पटना पहुंच रहे हैं और एनडीए विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे।

इस समारोह में एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। नीतीश कुमार के साथ करीब 20 अन्य मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। वर्ष 2010 के बाद पहली बार गांधी मैदान में इतने बड़े स्तर पर शपथ ग्रहण समारोह हो रहा है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

बुधवार दोपहर 3:30 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संयुक्त बैठक होगी। इसमें जदयू, भाजपा, लोजपा (रा), हम तथा रालोमो के सभी नवनिर्वाचित विधायक शामिल होंगे। नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा सहित सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

इसे भी पढ़े   दो ट्रकों की आमने-सामने भिडंत में एक की मौत तीन घायल

बिहार की जनता ने एक बार फिर नीतीश कुमार पर भरोसा जताया है और एनडीए को स्पष्ट बहुमत दिया है। कल का शपथ ग्रहण समारोह बिहार के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगा।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *