10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार

10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार

गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण

rajeshswari

पटना  (जनवार्ता)। बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नीतीश कुमार ने मंगलवार की  इतिहास रच दिया। उन्होंने रिकॉर्ड दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल ने गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में नीतीश कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इसके तुरंत बाद भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके बाद 25 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की। नए मंत्रियों में पहली बार मंत्री बनीं जमुई की विधायक एवं निशानेबाज श्रेयसी सिंह भी शामिल हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति ने इसे ऐतिहासिक बना दिया। बिहार के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में देश का प्रधानमंत्री स्वयं उपस्थित रहा हो।

प्रधानमंत्री के साथ असम, हरियाणा, नागालैंड, मेघालय, उत्तर प्रदेश सहित 16 राज्यों के मुख्यमंत्री, कई उपमुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री भी मौजूद रहे। एनडीए की एकजुट ताकत का यह भव्य प्रदर्शन था।

गांधी मैदान सुबह से ही जनसैलाब में डूबा हुआ था। विभिन्न जिलों से आए हजारों कार्यकर्ता ‘जय बिहार’, ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे थे। छठ गीत, भोजपुरी संगीत और मनोज तिवारी, पवन सिंह जैसे कलाकारों की मौजूदगी ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।

नई कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा हैं। वरिष्ठ मंत्रियों में विजय चौधरी, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, नितिन नवीन, सुनील कुमार आदि का नाम शामिल है। नए चेहरों में श्रेयसी सिंह, संतोष सुमन, रमा निषाद, लखेन्द्र कुमार रोशन आदि ने जगह बनाई है।

इसे भी पढ़े   अगस्त का वेतन न मिलने से शिक्षकों में रोष

नीतीश कुमार ने नौवीं बार फरवरी 2025 में ही इस्तीफा देकर एनडीए के साथ वापसी की थी और अब दसवीं बार मुख्यमंत्री बनकर उन्होंने श्रीकृष्ण सिंह का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

जनता की भारी भीड़ और एनडीए नेताओं की एकजुट उपस्थिति ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पूरे पांच साल चलेगी और विकास की नई गति देगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *