शराबबंदी : ट्रेनों के जरिये शराब तस्करी में लिप्त 11महिलाओं समेत 14 गिरफ्तार

शराबबंदी : ट्रेनों के जरिये शराब तस्करी में लिप्त 11महिलाओं समेत 14 गिरफ्तार

rajeshswari

पटना  (जनवार्ता)। बिहार में लागू शराबबंदी के बावजूद शराब माफिया तस्करी के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामले में ट्रेनों के माध्यम से शराब की तस्करी करने वाले एक अंतर-जिला गिरोह का खुलासा हुआ है। दानापुर रेल पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान 11 महिला तस्करों, एक कोच अटेंडेंट और दो पुरुष तस्करों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई रेल पुलिस अधीक्षक पटना अनंत कुमार राय के निर्देश पर मुगलसराय–दानापुर रेलखंड पर की गई। रेल डीएसपी दानापुर कंचन राज के नेतृत्व में पाटलिपुत्र रेल थाना और विशेष छापेमारी दल ने चिन्हित ट्रेनों में रात के समय सघन जांच अभियान चलाया, जिसके दौरान आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार महिलाओं में रतनी देवी, शांति देवी उर्फ मंजु देवी, रेखा उर्फ भूली देवी, रीना उर्फ शबरी देवी, इंदिरा देवी, तिलिया देवी, फुलमती कुमारी, शोभा देवी, अंजली कुमारी, रुकसाना और खुशी कुमारी शामिल हैं। वहीं, गिरफ्तार पुरुषों में कोच अटेंडेंट सहित अंकुश कुमार, निखिल कुमार और अभिषेक कुमार के नाम सामने आए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब माफिया जानबूझकर महिलाओं को आगे कर ट्रेनों में शराब की तस्करी करवा रहे थे, ताकि संदेह से बचा जा सके। गिरफ्तार महिलाओं में से सात पहले भी शराब तस्करी के मामलों में जेल जा चुकी हैं।
रेल पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से ट्रेनों में सक्रिय एक बड़े अंतर-जिला तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। आगे भी ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इसे भी पढ़े   वाराणसी सदर तहसील में वकील और लेखपालों के बीच मारपीट, वीडियो वायरल – वकीलों में आक्रोश
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *