कोरौती में मनाई गई स्वतंत्रता सेनानी स्व. रणजीत सिंह की 39वीं पुण्यतिथि
मेधावी छात्र-छात्राओं को घड़ी भेंट कर किया गया सम्मानित

वाराणसी (जनवार्ता)। सूरजपति कन्या विद्यालय कोरौती में महान स्वतंत्रता सेनानी स्व. रणजीत सिंह की 39वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के जूनियर हाईस्कूल व हाईस्कूल के मेधावी बच्चों को दीवाल घड़ी भेंट कर पुरस्कृत किया गया।

मुख्य अतिथि संजय प्रियदर्शी ने कहा कि बाबाजी रणजीत सिंह सच्चे राष्ट्रभक्त थे और आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। अध्यक्षता कर रहे शिवशंकर सिंह ने कहा कि सच्चे राष्ट्रभक्तों के त्याग और बलिदान से ही हमें आजादी मिली है। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुनील सिंह ने कहा कि हर वर्ष पुण्यतिथि पर बाबाजी को याद कर हम समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में सनत कुमार सिंह ने बताया कि 25 दिसंबर 1897 को जन्मे रणजीत सिंह ने 1922, 1930, 1932, 1941 और 1942 के सभी प्रमुख स्वतंत्रता आंदोलनों में सक्रिय भाग लिया। नमक छोड़ो आंदोलन में संकल्प लेकर उन्होंने आजीवन नमक त्याग दिया था। 24 नवंबर 1987 तक राष्ट्रभक्ति और भगवत भक्ति में लीन रहे बाबाजी आज भी लोगों के आदर्श हैं।
अरविन्द सिंह ने उनके जीवन संघर्ष पर प्रकाश डाला जबकि संचालक आशीष राय ने बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
पुरस्कार वितरण में अम्बिका, शिवानी, श्रेया, हिमांशु, नैतिक, हिमांशी, अनुज, शिवानी, रीतिक, सौरभ, अंशराज, शुभम, गुनगुन, आकांक्षा, सोनी, आर्यन, सूरज, सफीजुर्रहमान, प्रिती, साक्षी और मधु सिंह सहित कुल 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने दीवाल घड़ी भेंट की।
कार्यक्रम में दीपक राय, गोल्डन सिंह, करमचन्द पटेल, आरती विश्वकर्मा, संगीता सिंह, अरविन्द पाण्डेय, मुन्ना सिंह, अंजनी कुमार सिंह, रेवतीरमण सिंह, कमल साहेब सहित सैकड़ों गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

