वाराणसी: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने भेड़ों के झुंड को कुचला
22 भेड़ें मृत, चार घायल
वाराणसी (जनवार्ता): राजातालाब थाना क्षेत्र के बढ़ईनी खुर्द गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। भूसी लदे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे चल रहे भेड़ों के झुंड को कुचल दिया, जिसमें 22 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस घटना से पशुपालकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना की जानकारी के अनुसार, भेड़ मालिक राजमन पाल, मंगनु पाल और जीयाराम पाल सुबह अपने भेड़ों को चराने के लिए खेतों की ओर ले जा रहे थे। भेड़ें सड़क किनारे कतारबद्ध तरीके से चल रही थीं। तभी अदलपुरा की ओर से मातलदेई जा रहा भूसी लदा ट्रैक्टर तेज गति से आया। ट्रैक्टर में तेज आवाज में गाना बज रहा था, जिसके कारण चालक को पशुपालकों की चेतावनी की आवाज सुनाई नहीं दी। पशुपालकों ने हाथ दिखाकर और चिल्लाकर ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे।
देखते ही देखते ट्रैक्टर ने दो दर्जन से अधिक भेड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर खून और मृत भेड़ों के शव बिखर गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक दिलीप मौके से फरार होने की कोशिश की, लेकिन आस-पास के ग्रामीणों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर पहुंची राजातालाब पुलिस ने मौके पर मृत भेड़ों का पंचनामा किया, घायल भेड़ों के इलाज की व्यवस्था कराई तथा ट्रैक्टर और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
दूसरी ओर, घटना की जानकारी मिलते ही ट्रैक्टर मालिक राजकुमार सोनकर मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उदय प्रताप प्रधान की मध्यस्थता में पशुपालकों और ट्रैक्टर मालिक के बीच सुलह समझौता हुआ, जिसमें मृत भेड़ों के मुआवजे के रूप में 2.70 लाख रुपये दिए गए, एक लाख रुपये नकद और 1.70 लाख रुपये चेक से।
चौकी प्रभारी मातलदेई साकेत पटेल ने बताया कि पशुपालकों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अभी तक कोई लिखित सुलह समझौता पत्र नहीं मिला है।
इस हादसे से पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है और आर्थिक नुकसान से वे सदमे में हैं। पुलिस ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने के आरोप में जांच शुरू कर दी है।

