दिल्ली : पति के मर्डर केस में मुख्य गवाह पत्नी की दिनदहाड़े हत्या

दिल्ली : पति के मर्डर केस में मुख्य गवाह पत्नी की दिनदहाड़े हत्या

नई दिल्ली (जनवार्ता)। राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक साहसी महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान रचना यादव के रूप में हुई है, जो तीन साल पहले अपने पति विजेंद्र यादव की हत्या के मामले में मुख्य गवाह थीं और सुप्रीम कोर्ट तक न्याय की लड़ाई लड़ रही थीं।

rajeshswari

पुलिस जांच में पता चला है कि यह हत्या पुराने प्रॉपर्टी विवाद से जुड़े उस केस से सीधे तौर पर जुड़ी हुई प्रतीत होती है, जिसमें 2023 में विजेंद्र यादव को बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। कुछ आरोपी अब तक फरार हैं, और जांचकर्ताओं का मानना है कि रचना यादव को इसलिए निशाना बनाया गया ताकि वे गवाही न दे सकें और हत्यारे सजा से बच निकलें।

घटना के समय रचना यादव अपने घर के बाहर थीं, जब अज्ञात हमलावरों ने करीब से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोलियां उनके सिर में लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शालीमार बाग थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रही है, साथ ही फरार आरोपियों और पुरानी रंजिश पर फोकस कर रही है।

रचना यादव दो बेटियों की मां थीं। उनकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी अभी पढ़ाई कर रही है। पड़ोसियों ने उन्हें एक मजबूत इरादों वाली और बेहद साहसी महिला बताया, जो लगातार धमकियों के बावजूद न्याय के लिए डटी रहीं।

इसे भी पढ़े   घर में दिनदहाड़े चोरी करने वाले शातिर गिरफ्तार

इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और पूछ रहे हैं कि तीन साल बीत जाने के बाद भी फरार बदमाशों को क्यों नहीं पकड़ा जा सका। यह मामला गवाहों की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्त में ले लिया जाएगा और जांच पूरी गंभीरता से जारी है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *