दिल्ली में ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से भड़की आग ने शाहजहांपुर के चार युवकों की ली जान
विश्वास नगर में सोते समय आग की चपेट में आए सभी छह लोग
नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा जिले के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के रहने वाले चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार की सुबह करीब 4:20 बजे विश्वास नगर की गली नंबर-11 में हुआ। यहां एक मकान के भूतल पर ई-रिक्शा की चार्जिंग और पार्किंग की व्यवस्था थी। इसी मकान के ऊपरी हिस्से में छह ई-रिक्शा चालक सो रहे थे। इसी दौरान चार्जिंग पॉइंट पर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर में धुआं फैल गया। सो रहे चालकों को संभलने और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां, पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इमारत में फंसे छह लोगों को बाहर निकालकर डॉ. हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल रेफर किया गया।
शाहजहांपुर के रहने वाले थे मृतक
सूत्रों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शाहजहांपुर जिले के अमईपुर गांव निवासी साधुराम कश्यप (50), महेंद्र कश्यप (40), अशोक कश्यप (40) और लालाराम यादव (35) के रूप में हुई है। सभी दिल्ली में रहकर ई-रिक्शा चलाते थे। हादसे में घायल दो अन्य लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है।
शॉर्ट सर्किट या बैटरी में विस्फोट की आशंका
शुरुआती जांच में ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए लगाए गए इलेक्ट्रिक डिस्ट्रीब्यूशन बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने अथवा बैटरी के ओवरचार्ज होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा के मुताबिक, पुलिस को तड़के आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर चार लोगों की मौत और दो के घायल होने की जानकारी मिली। फर्श बाजार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों और सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

