मंदिर तोड़े नहीं गए, पुनरुद्धार हुआ है : सीएम योगी

मंदिर तोड़े नहीं गए, पुनरुद्धार हुआ है : सीएम योगी

वाराणसी (जनवार्ता) : काशी के महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पर चल रहे विकास और पुनरुद्धार कार्यों को लेकर पिछले कुछ दिनों से सियासी विवाद गरमाया हुआ है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि यहां प्राचीन मूर्तियां, चबूतरे और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को बुलडोजर से तोड़ा जा रहा है, जिसे वे सनातन विरासत पर हमला बता रहे हैं।

rajeshswari

इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। हालांकि वे मणिकर्णिका घाट का निरीक्षण करने के बजाय बाबा काशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की और मीडिया से मुखातिब हुए।

सीएम योगी ने विवाद पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “मंदिरों को तोड़ने का दुष्प्रचार सरासर झूठ है। मंदिर तोड़े नहीं गए हैं, बल्कि उनका पुनरुद्धार किया गया है। कांग्रेस और उसके सहयोगी सनातन धर्मावलंबियों की आस्था को भड़काने के लिए AI जनरेटेड और भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर फैला रहे हैं।”

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह परियोजना किसी धार्मिक परंपरा में हस्तक्षेप नहीं है, बल्कि अंतिम संस्कार को गरिमापूर्ण, सुरक्षित, स्वच्छ और इको-फ्रेंडली बनाने के लिए है। बरसात में होने वाली अव्यवस्था, जले शवों से गंगा प्रदूषण और अन्य समस्याओं को दूर करने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। कार्य सीएसआर फंड से हो रहा है, न कि सरकारी बजट से।

उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा और अन्य पौराणिक स्थलों का संरक्षण पूरी प्रतिबद्धता से किया जा रहा है। “काशी विश्वनाथ धाम की तरह मणिकर्णिका घाट भी अपनी प्राचीन पहचान के साथ नए स्वरूप में सामने आएगा।”

इसे भी पढ़े   डांस,रोमांस के बाद अब Delhi Metro में कपल का KISS करने वाला VIDEO वायरल

सीएम योगी ने काशी के विकास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 55,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिनमें से 6,000 करोड़ की योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है – पहले 5-25 हजार रोजाना आते थे, अब सवा लाख से अधिक, और सावन-महाशिवरात्रि पर 6-10 लाख तक पहुंच जाती है।

इससे पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। काशी अकेले देश की जीडीपी में 1.3 लाख करोड़ का योगदान दे रही है। सड़क, रेल, हवाई और जलमार्ग कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार हुआ है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि आजादी के बाद दशकों तक काशी को वह सम्मान और विकास नहीं मिला, जिसकी वह हकदार थी। “जो लोग सदैव विरासत का अपमान करते रहे, वे आज विकास कार्यों में बाधा डालने की साजिश कर रहे हैं। जनता सब देख रही है और सच्चाई जानती है।”

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *