अन्नपूर्णा मंदिर में कुंभाभिषेक वार्षिकोत्सव संपन्न
वाराणसी (जनवार्ता)। अन्नपूर्णा मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय कुंभाभिषेक वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन बुधवार को वैदिक अनुष्ठानों के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसमें पाठ पूर्णाहुति, चतुर्वेद पारायण, हवन एवं मंडलाभिषेक का आयोजन किया गया। इसमें माता अन्नपूर्णा देवी की पुनः प्राण-प्रतिष्ठा की वर्षपूर्ति पर विशेष पूजन-अर्चन किया गया।


वही श्रृंगेरी शंकराचार्य भारती तीर्थ स्वामी एवं उनके उत्तराधिकारी शिष्य विधु शेखर भारती स्वामी के आशीर्वाद से हुए इस विशेष अनुष्ठान में गणपति पूजन, पुण्यावाचन, कलातत्व आवाहन, कलातत्व हवन, अन्नपूर्णा मूल मंत्र हवन, महापूर्णाहुति, पंचामृत स्नान, कलातत्व कलश से माता अन्नपूर्णा का अभिषेक एवं राजोपचार पूजन संपन्न हुआ।
यह कार्यक्रम 26 जनवरी से 21 ब्राह्मणों द्वारा शतचंडी पाठ के साथ प्रारंभ हुआ और माता अन्नपूर्णा के प्रतिष्ठा दिवस की वर्षी पर रविवार को अनुष्ठान की शुरुआत महंत शंकर पुरी महाराज के संकल्प के साथ हुई। इस दौरान मंदिर परिसर को झालरों एवं विविध पुष्पों से आकर्षक रूप से सजाया गया। जो आकर्षण का केंद्र बना रहा।

