मुंबई एयरपोर्ट : एयर इंडिया और इंडिगो के विमानों के विंगटिप्स आपस में टकराए

मुंबई एयरपोर्ट : एयर इंडिया और इंडिगो के विमानों के विंगटिप्स आपस में टकराए

मुंबई  (जनवार्ता)। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार शाम को एक बड़ा हादसा बाल-बाल टल गया। एयर इंडिया और इंडिगो के दो यात्री विमानों के दाहिने विंगटिप्स टैक्सीवे पर आपस में टकरा गए। दोनों एयरबस A320 विमान कम गति से टैक्सी कर रहे थे, इसलिए किसी यात्री या क्रू सदस्य को कोई चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित रहे।

rajeshswari

एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 मुंबई से कोयंबटूर जा रही थी और पुशबैक के बाद टैक्सीवे C1 से M4 की ओर बढ़ रही थी। वहीं इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 हैदराबाद से मुंबई पहुंचने के बाद लैंडिंग के बाद टैक्सीवे B1 जॉइन कर रही थी। इस टक्कर से दोनों विमानों के दाहिने विंगटिप्स को मामूली नुकसान पहुंचा और यात्रियों में थोड़ी अफरा-तफरी मच गई।

एयर इंडिया ने तुरंत अपने विमान को ग्राउंड कर दिया, सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा और उन्हें वैकल्पिक उड़ानों के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की। इंडिगो ने भी घटना की पुष्टि की और जांच के साथ-साथ मेंटेनेंस इंस्पेक्शन शुरू कर दिया।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA ने घटना की तुरंत जांच शुरू कर दी है। मुंबई के DGCA अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। जांच का मुख्य ध्यान ग्राउंड क्लीयरेंस, एटीसी के निर्देशों और व्यस्त टैक्सीवे के मैनेजमेंट में हुई संभावित चूक पर है। दोनों विमानों को जांच और मरम्मत के लिए बे में वापस भेज दिया गया है।

यह घटना मुंबई जैसे बेहद व्यस्त एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग की चुनौतियों को एक बार फिर सामने लाती है, जहां विमानों की आवाजाही लगातार घनी रहती है। दोनों एयरलाइंस ने यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताई है। फिलहाल कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं, लेकिन कोई बड़ा नुकसान या हताहत नहीं हुआ। DGCA की जांच पूरी होने के बाद घटना के सटीक कारण सामने आएंगे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

इसे भी पढ़े   'मोदी ने अमेरिका में 25 हजार करोड़ रुपये का डिनर किया',यूएसए के साथ ड्रोन डील पर बोली कांग्रेस
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *