सहारनपुर : कैरटलेन डायमंड शोरूम की करोड़ों की चोरी में शामिल एक परिवार के 5 शातिर सदस्य गिरफ्तार
3 करोड़ के गहने बरामद
सहारनपुर (जनवार्ता) । टाटा कंपनी के प्रसिद्ध कैरटलेन डायमंड शोरूम में हुई करोड़ों की चोरी का मामला अब पूरी तरह सुलझ गया है। यह वारदात 22 जनवरी की रात को दिल्ली रोड स्थित शोरूम में हुई थी जहां चोरों ने छत और दीवार काटकर अंदर घुसकर लाखों-करोड़ों के हीरे व सोने के आभूषण लूट लिए थे। पुलिस ने मात्र 10-12 दिनों में इस सनसनीखेज केस का पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो एक ही परिवार के सदस्य हैं। मुख्य आरोपी इरशाद उर्फ काला रुड़की उत्तराखंड का निवासी है जिस पर पहले से ही लगभग 27 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके साथ गिरफ्तार हुए अन्य सदस्यों में भाई दिलशाद, मां काली तथा भाभियां सलमा और सीमा शामिल हैं। ये सभी एक साथ मिलकर गिरोह बनाकर काम करते थे। जांच में पता चला कि आरोपी कबाड़ी बनकर पहले रेकी करते थे फिर मौसम खराब होने यानी बारिश का फायदा उठाकर रात में मास्क पहनकर शोरूम की छत पर चढ़े दीवार काटी और अंदर घुसकर तिजोरियां व लॉकर तोड़कर गहने लूट लिए। चोरी के बाद आभूषणों को छिपाने और बेचने में बाकी परिवार ने मदद की। मुख्य आरोपी इरशाद ने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया जबकि बाकी सदस्यों ने सहायता की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग तीन करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए जिनमें नौ नेकलेस, 67 ब्रेसलेट, 17 मंगलसूत्र, 32 जोड़ी ईयररिंग, दो गले के सेट, 18 पेंडेंट, तीन चार्म्स, 90 अंगूठियां, 32 चेन, 11 चूड़ियां तथा 40 अन्य सोने के आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा 45,100 रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस ने शत-प्रतिशत रिकवरी की है और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी आशीष तिवारी ने प्रेस वार्ता में इस सफलता का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कुल पांच पुलिस टीमों जिसमें सदर बाजार थाना, स्वाट, सर्विलांस आदि शामिल थे ने दिन-रात मेहनत की। 2000 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की जांच समन्वय और सतर्कता से यह चुनौतीपूर्ण केस समयबद्ध तरीके से सुलझाया गया। एसएसपी ने टीमों की सराहना करते हुए प्रत्येक को 25-25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार घोषित किया।

