वाराणसी पब्लिक स्कूल में ‘उदाची-2026’ गुडलक समारोह का भव्य समापन
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी पब्लिक स्कूल, लोहता परिसर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के समापन अवसर पर कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए गुडलक समारोह ‘उदाची-2026’ का भव्य, सुसंस्कृत एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अर्पिता अग्रवाल और मानवी सिंह ने प्रभावशाली एंकरिंग के माध्यम से किया। उनकी सशक्त मंच उपस्थिति, मधुर वाणी और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे समारोह को जीवंत बनाए रखा।


समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को भावविभोर कर दिया। नृत्य, संगीत और भावनात्मक प्रस्तुतियों के बीच विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतिष्ठित उपाधियों से सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और भी बढ़ गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित VPS ग्रुप के निदेशक श्री अमित पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी किसी भी संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं और उनकी सफलता ही संस्था की वास्तविक पहचान होती है।

वहीं VPS ग्रुप के उपनिदेशक श्री के. के. पांडेय ने अपने उद्बोधन में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के साथ-साथ मानवीय मूल्यों और सामाजिक दायित्वों को भी प्राथमिकता दें। उनके प्रेरक शब्दों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
इस भव्य आयोजन के सफल संचालन में कार्यक्रम प्रभारियों का योगदान सराहनीय रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, प्रबंधतंत्र के सदस्यों श्री शशिकांत गुप्ता व आर.एन. जायसवाल, शिक्षकों, आयोजन समिति, विद्यार्थियों एवं सभी सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
प्रधानाचार्या श्रीमती सपना मौर्या ने बताया कि यह आयोजन सभी के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना करते हुए उन्हें विद्यालय का गौरव बने रहने का संदेश दिया।

