बरसी में शामिल होने आई दो बहनों के पर्स से लाखों के गहने पार
कोटवां गांव में चोरों ने दो मंगलसूत्र समेत सोने-चांदी के आभूषण उड़ाए, खुला मिला घर का मुख्य दरवाजा
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के कोटवां गांव में बेटी की बरसी के कार्यक्रम के दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाकर दो बहनों के पर्स में रखे लाखों रुपये के आभूषण पार कर दिए। घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित अजय कुमार प्रजापति ने घटना की शिकायत लोहता थाने में की है।


अजय कुमार प्रजापति, शिवशरण प्रजापति के पुत्र हैं। उनके घर पर बरसी का कार्यक्रम आयोजित होना था, जिसमें शामिल होने के लिए उनकी दोनों बहनें मायके आई थीं। परिवार के लोग रात में कार्यक्रम के बाद सो गए। आरोप है कि देर रात करीब दो बजे से सुबह चार बजे के बीच चोर घर में घुसे और दोनों बहनों के पर्स से आभूषण निकालकर फरार हो गए।
सुबह करीब चार बजे एक बहन शौच के लिए उठी तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। संदेह होने पर जब पर्स की जांच की गई तो उसमें रखे गहने गायब थे। चोरी गए आभूषणों में सोने के दो मंगलसूत्र, चांदी की तीन पायल, दो अंगूठियां, एक मीना, छोटे बच्चों की दो पायल, बच्चों की दो हाथ की चूड़ियां और एक बिछिया शामिल हैं।
पीड़ित अजय कुमार प्रजापति ने आशंका जताई कि चोरों को घर में बरसी का कार्यक्रम होने की जानकारी पहले से थी। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलने पर लोहता थाना प्रभारी अभिजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार से घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने जल्द घटना का खुलासा करने की बात कही है।

