गाड़ी हटाने के विवाद में दलित युवक पर फेंकी खौलती चाय
एक आरोपी हिरासत में
वाराणसी (जनवार्ता) । शिवपुर थाना क्षेत्र में गाड़ी हटाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक दलित युवक पर खौलती चाय फेंक दी गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, भेलखा बड़ागांव निवासी अजय, पुत्र जवाहर लाल, उसरपुरवा स्थित पंचक्रोशी चौराहे पर अपनी मैजिक गाड़ी में सेंटरिंग का सामान लोड कर रहा था। इसी दौरान चिथरियापुर निवासी चाय विक्रेता महेंद्र यादव अपनी मोटरसाइकिल से वहां से गुजर रहा था। गाड़ी आगे-पीछे करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान बाइक सवार ने अजय को गाली देना शुरू कर दिया।
अजय के विरोध करने पर महेंद्र ने अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर अजय के साथ मारपीट की। आरोप है कि बल्ली और लोहे की रॉड से उसकी पिटाई की गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
कुछ देर बाद अजय का बड़ा भाई विजय वहां पहुंचा और मारपीट का कारण पूछने लगा। इसी दौरान महेंद्र और उसके बेटे ने कथित तौर पर जातिसूचक गालियां दीं और अजय पर खौलती चाय से भरी केतली फेंक दी। चाय गिरने से अजय गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित अजय ने शिवपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में शिवपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।


