हाथरस : सेना जवान को दिनदहाड़े मारी गोली
हाथरस (जनवार्ता)। जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। सादाबाद थाना क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुन्नी देवी कोल्ड स्टोरेज के निकट गुरुवार को भारतीय सेना के एक जवान अखिलेश (28 वर्ष) की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक अखिलेश सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह, निवासी गांव समदपुर (सादाबाद थाना क्षेत्र) थे और आगरा कैंट में सेना की इंजीनियरिंग विंग में तैनात थे।

घटना के अनुसार, अखिलेश हाथरस कोर्ट में एक मुकदमे की पेशी के सिलसिले में गए थे। पेशी के बाद जब वे अपनी कार से घर लौट रहे थे, तो मुन्नी देवी कोल्ड स्टोरेज के पास उनकी कार को 2 से 4-5 अज्ञात बाइक/कार सवार हमलावरों ने घेर लिया। हमलावरों ने पहले कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, टायर में गोली मारकर गाड़ी रोकी, फिर जवान को कार से उतरने पर मजबूर किया। जान बचाने के लिए अखिलेश कार छोड़कर भागे, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा किया, पहले पैर में गोली मारी और गिरने के बाद सिर व सीने में 5-7 गोलियां दागकर उनकी मौके पर ही हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही सादाबाद कोतवाली पुलिस, पुलिस अधीक्षक रामन्नाथ कुशवाहा और क्षेत्राधिकारी अमित पाठक मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पारिवारिक संबंधों, पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत दुश्मनी की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक अखिलेश के पिता देवेंद्र सिंह भी सेना से रिटायर हैं और फिलहाल जम्मू-कश्मीर में अपने दामाद (जो खुद सेना में हैं) के पास हैं। परिवार और गांव में शोक की लहर है। इस क्रूर हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। देश की सेवा में तैनात एक जवान की ऐसी निर्मम हत्या न केवल परिवार के लिए, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए गहरा सदमा है।

