दो की सड़क हादसे में मौत, एक गंभीर रूप से घायल
चौबेपुर (जनवार्ता): थाना चौबेपुर क्षेत्र के बभनपुरा गंगापुल पर गुरुवार रात को एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, चंदौली से वाराणसी आ रही एक मोटरसाइकिल और वाराणसी से चंदौली जा रही एक चार पहिया गाड़ी रिंग रोड पर आमने-सामने टकरा गई।
दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक रविंद्र मिश्रा (45 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय घनश्याम मिश्रा, निवासी कमौली, चौबेपुर, वाराणसी और उनके साथ सवार श्री नारायण यादव (55 वर्ष), पुत्र रामधनी यादव, निवासी कमौली की मौत हो गई। मोटरसाइकिल पर सवार तीसरे व्यक्ति, जिनकी पहचान अभी अज्ञात है, गंभीर रूप से घायल हैं।घटना के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नरपतपुर ले जाया गया, जहां रविंद्र मिश्रा को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य दो घायलों को ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान नारायण यादव की भी मौत हो गई। तीसरे घायल का इलाज जारी है।थाना प्रभारी चौबेपुर इंद्रेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार को मौके से कब्जे में ले लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच पुलिस द्वारा जारी है।


