चौबेपुर में अंडा विक्रेता से मारपीट, गंभीर घायल; मुकदमा दर्ज
चौबेपुर (जनवार्ता)। स्थानीय थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल किए जाने की सूचना प्रकाश में आई है। मिली जानकारी के अनुसार मिल्कोपुर सड़क पर अंडे की दुकान चलाने वाले धन्नू चौहान को बीते मंगलवार की शाम करीब 6 बजे अवनीश गुप्ता, उसके पिता राजकुमार गुप्ता समेत 10-15 लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

उसी दिन अवनीश की मोटरसाइकिल किसी व्यक्ति से टकरा गई थी, जिसके बाद भीड़ जुट गई और धन्नू चौहान ने अपनी दुकान बंद कर दी। भीड़ शांत होने पर दुकान खोलने पर आरोपियों ने धन्नू से पूछताछ और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे मारा-पीटा गया और ऑटो-रिक्शा से जाल्हूपुर चौकी ले जाकर थाने के बजाय अपने घर ले गए, जहां उसे बुरी तरह पीटा गया।
गंभीर चोटों के कारण उसे पं. दीन दयाल अस्पताल से प्रमिला अस्पताल, तिलमापुर (लेढूपुर), वाराणसी में भर्ती कराया गया है। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। स्थानीय पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

