काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं संग एसडीएम और बाउंसरों के दुर्व्यवहार का आरोप

काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं संग एसडीएम और बाउंसरों के दुर्व्यवहार का आरोप

• थाने में दी तहरीर

rajeshswari

वाराणसी  (जनवार्ता)। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में एक बार फिर विवाद की ताजा घटना सामने आई है, जहां मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एसडीएम शंभू शरण पर श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट का गंभीर आरोप लगा है।

बाबूलाल सोनकर बीच में और अनुज पांडेय बाएं

फुलवरिया निवासी बाबूलाल सोनकर ने चौक थाने में तहरीर देकर बताया कि वे नियमित रूप से मंदिर में दर्शन करने जाते हैं। रविवार के दिन वे दर्शन के लिए पहुंचे तो एसडीएम शंभू शरण करीब 10 बाउंसरों के साथ मौजूद थे। आरोप है कि वे भक्तों को गालियां दे रहे थे और धक्का-मुक्की कर रहे थे। अचानक उन्हें पकड़ लिया गया, एसडीएम ने मां-बहन की गंदी गालियां दीं। उनके साथियों ने उन्हें पकड़ा और एसडीएम ने गला दबाकर सामूहिक रूप से अपमानित किया। इस दौरान उनकी भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची और हाथ में चोट भी आई।

इसी तरह भदैनी निवासी अनुज पांडे ने भी चौक थाने में तहरीर दर्ज कराई। वे बाबा विश्वनाथ के नियमित भक्त हैं और रविवार को दर्शन के लिए गए थे। उनके अनुसार, एसडीएम शंभू शरण के साथ मौजूद बाउंसरों ने गाली-गलौज की और मारपीट की।

दोनों पीड़ितों ने मौके पर मौजूद डीएम और कमिश्नर से मौखिक शिकायत की और लिखित तहरीर थानाध्यक्ष को सौंपी, जिसमें एसडीएम तथा उनके साथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

यह घटना काशी विश्वनाथ मंदिर में पहले से चले आ रहे विवादों की नई कड़ी है। एसडीएम शंभू शरण पर पहले भी स्थानीय लोगों, पंडा समाज और श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार के कई आरोप लग चुके हैं। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर सहित अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री तक शिकायतें पहुंचाई थीं, जिसमें बाउंसरों और पीआरओ के माध्यम से अभद्रता का जिक्र किया गया था। हालांकि इस बार बाउंसरों के साथ सीधी हाथापाई और गंभीर अपमान का आरोप और अधिक गंभीर माना जा रहा है।

इसे भी पढ़े   दलाल स्‍ट्रीट को RBI का बूस्‍टर! नई ऊंचाई पर बाजार,सेंसेक्‍स 1619 अंक उछला,निफ्टी 2% चढ़ा
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *