जिला न्यायालय परिसर में चला सघन चेकिंग अभियान
वाराणसी (जनवार्ता): जिला न्यायालय (कचहरी) परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा अलर्ट जारी है। गुरुवार रात करीब 1:30 बजे जिला जज संजीव शुक्ला के आधिकारिक ईमेल पर यह धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था, जिसके बाद शुक्रवार को परिसर खाली कराकर सघन जांच की गई थी।

सोमवार को कचहरी खुलते ही कैंट क्षेत्र के एसीपी के नेतृत्व में पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल दस्ते ने पूरे परिसर में गहन छानबीन अभियान चलाया। प्रवेश द्वारों, जजों के चैंबर, विभिन्न भवनों, पार्किंग क्षेत्र सहित हर कोने की बारीकी से तलाशी ली गई। पुलिस ने अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपील की कि कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखे तो तुरंत सूचना दें।
यह धमकी केवल वाराणसी तक सीमित नहीं रही। उत्तर प्रदेश के कम से कम 18 जिलों जैसे लखनऊ, अयोध्या, मुरादाबाद, आजमगढ़, मेरठ, अमरोहा, अलीगढ़ आदि की जिला अदालतों को भी इसी तरह के बम धमकी वाले ईमेल मिले हैं। इनमें से कुछ ईमेलों में ISI और LTTE का जिक्र भी किया गया है, जबकि कुछ में तमिलनाडु के ‘सुनिया डासन’ नाम से संदेश भेजे गए। इससे पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित है और ATS (एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड), STF तथा साइबर सेल जांच में जुटी हुई हैं।
धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को वाराणसी सहित कई जगहों पर परिसर खाली कराया गया था और कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सोमवार को भी जांच जारी रही, लेकिन फिलहाल कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। पुलिस प्रशासन मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए न्यायालय परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर रहा है। साइबर सेल ईमेल के स्रोत और प्रेषक की पहचान के लिए प्रयासरत है।

