झारखंड: 10 लाख का इनामी नक्सली जोनल कमांडर ढेर

झारखंड: 10 लाख का इनामी नक्सली जोनल कमांडर ढेर

चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम) (जनवार्ता)  : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और भाकपा (माओवादी) के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन मारा गया। हांसदा पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस मुख्यालय ने नक्सली के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि की है। मुठभेड़ स्थल से एक हथियार भी बरामद किया गया है।

rajeshswari

पुलिस के अनुसार, सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के जवान गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रेलापराल जंगल में नक्सल विरोधी अभियान पर थे। इसी दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया। जवानों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं और मुठभेड़ कुछ समय तक जारी रही। सुरक्षाबलों की कार्रवाई में अमित हांसदा मौके पर ही ढेर हो गया, जबकि अन्य नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले।

मारा गया नक्सली अमित हांसदा बोकारो जिले का निवासी था। वह भाकपा (माओवादी) का जोनल कमांडर था और कोल्हान क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों का प्रमुख संचालक माना जाता था। उसकी मौत को सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

पश्चिमी सिंहभूम के एसपी राकेश रंजन ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा, “अमित हांसदा का मारा जाना सुरक्षाबलों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे कोल्हान क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को करारा झटका लगा है। भविष्य में भी नक्सल विरोधी अभियान और तेज किए जाएंगे।”

यह मुठभेड़ नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की सक्रियता और दबदबे को दर्शाती है। पुलिस और सुरक्षाबल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं ताकि बचे हुए नक्सलियों को पकड़ा जा सके।

इसे भी पढ़े   एसटीएफ : रंगदारी वसूलने वाले गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *