मिर्जामुराद : पारिवारिक कलह से क्षुब्ध अधेड़ ने दी जान
गांव में शोक की लहर
वाराणसी (जनवार्ता)। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत गौर गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। पारिवारिक कलह से परेशान एक अधेड़ व्यक्ति ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गौर गांव निवासी राकेश उर्फ पप्पू सैनी (45 वर्ष) पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद और आर्थिक तंगी के कारण मानसिक तनाव में थे। परिजनों के मुताबिक घरेलू कहासुनी को लेकर वे अक्सर चिंतित रहते थे। सोमवार की सुबह उन्होंने अपने कमरे में गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना का पता उस समय चला जब उनकी छोटी पुत्री किसी काम से कमरे में पहुंची। पिता को फंदे से लटका देख वह घबरा गई और शोर मचाने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतक फूलमाला बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

