कुशीनगर : मासूम की अप्राकृतिक दुष्कर्म के बाद ली जान
पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
टूटी बखार में मिला शव
कुशीनगर (जनवार्ता) । कुशीनगर जिले के जटहा बाजार थाना क्षेत्र में एक आठ वर्षीय बालक के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के मुख्य संदिग्ध की पहचान कर ली है, जो घटना के बाद से फरार है। बालक की मां की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों — राजेश, पवन, सुदर्शन और पुन्नीलाल — के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, बालक रविवार रात गांव में आयोजित तिलक समारोह देखने गया था। सोमवार सुबह उसका शव गांव के निकट एक धार्मिक स्थल के सामने रखी टूटी बखार में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अप्राकृतिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई तथा मुंह दबाकर या गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने घटनास्थल का पुन: निरीक्षण किया, जहां खून के धब्बे और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। इन सुरागों के आधार पर एक प्रमुख संदिग्ध की पहचान लगभग सुनिश्चित हो चुकी है, लेकिन वह फरार है और उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताया जा रहा है। पुलिस विभिन्न टीमों के माध्यम से संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों से उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास जारी है।
सीओ सदर डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया, “मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और शीघ्र ही पूरे प्रकरण का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मंगलवार को बालक का अंतिम संस्कार गांव के बाहर तालाब किनारे किया गया, जिसमें ग्रामीणों की आंखें नम रहीं। किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस की भारी तैनाती की गई थी।
परिवार और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच हर स्तर पर जारी है और दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

