चंदौली में पूर्व प्रधान का खौफनाक तांडव
पैसे के विवाद में चार युवकों को मारी गोली, हालत नाजुक
चंदौली (जनवार्ता)। जनपद में शनिवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड के पास एक दबंग पूर्व प्रधान ने रुपयों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में चार युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सूर्य प्रकाश सिंह उर्फ चुन्नू का गोलू यादव से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार की रात सहजौर–छेमिया मार्ग पर कहासुनी बढ़ने के बाद आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कृष्ण यादव, सोनू यादव और अक्षय यादव भी गोलियों की चपेट में आ गए।
फायरिंग में तीन युवकों के सीने में तथा एक के जांघ में गोली लगी है। सभी घायलों को गंभीर हालत में वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी और एडिशनल एसपी सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस की टीमें आरोपी पूर्व प्रधान की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।


