सोनभद्र पुलिस का बड़ा खुलासा, डीसीएम से 85 किलो गांजा बरामद, अंतर्राज्यीय तस्करी का भंडाफोड़
सोनभद्र (जनवार्ता)! उत्तर प्रदेश की सोनभद्र में पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए टाटा डीसीएम वाहन से 85 किलो 300 ग्राम नाजायज गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य तस्कर अभी फरार हैं। बरामदगी की कुल कीमत करीब 37 लाख रुपये आंकी गई है।


अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई-
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण में थाना चोपन पुलिस और एसओजी टीम सक्रिय रूप से चेकिंग अभियान चला रही थी।

वाहन रोकने पर चालक ने किया भागने का प्रयास-
बीती रात करीब 1:15 बजे वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग पर डाला की ओर से आ रही डीसीएम वाहन संख्या OD17AA5980 को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और पटवध स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास वाहन को घेरकर रोक लिया।
कबाड़ के बीच छिपाकर रखा गया था गांजा-
वाहन की तलाशी लेने पर शीशे के कबाड़ के बीच छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों से कुल 85 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की कीमत लगभग 17 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि वाहन सहित कुल कीमत करीब 37 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में तस्करी का खुलासा-
गिरफ्तार अभियुक्त बंशीघर बेहेरा, निवासी अंगुल (उड़ीसा), ने पूछताछ में बताया कि वह उड़ीसा से फिरोजाबाद जा रहा था। रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे वाराणसी तक गांजा पहुंचाने के बदले 30 हजार रुपये देने का लालच दिया।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज-
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है।

