पीपा पुल की मांग पर प्रदर्शन, तीन घंटे जाम रहा रास्ता
रुस्तमपुर में टायर जलाकर जताया विरोध, पटना-हाजीपुर जाने वाले लोगों को हुई परेशानी
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत रुस्तमपुर में गंगा नदी पर पीपा पुल का निर्माण शुरू नहीं होने से नाराज लोगों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने रुस्तमपुर लोहा पुल के पास सड़क जाम कर टायर जलाए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सुबह करीब आठ बजे शुरू हुआ प्रदर्शन सुबह 11:30 बजे तक चला। इस दौरान लगभग साढ़े तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना पर रुस्तमपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग पीपा पुल का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग पर अड़े रहे। सड़क जाम के कारण रुस्तमपुर लोहा पुल से सिक्स लेन पुल की ओर जाने वाले रास्ते और रुस्तमपुर-वीरपुर मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। दोपहिया, तिपहिया वाहनों के साथ कार, ट्रैक्टर और ट्रक भी जाम में फंसे रहे।
जाम का असर पटना, फतुहा और हाजीपुर जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों, विद्यार्थियों और व्यापारियों पर पड़ा। इसके अलावा प्रखंड, अंचल और बीआरसी कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारियों, शिक्षकों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
प्रदर्शन कर रहे धर्मेंद्र कुमार, रंजन कुमार, श्रवण कुमार, अर्जुन कुमार, विशाल कुमार, भूषण कुमार और मनीष कुमार समेत अन्य लोगों ने कहा कि रुस्तमपुर में गंगा नदी पर हर साल पीपा पुल बनाया जाता था, लेकिन अक्टूबर का महीना समाप्त होने को है और इस वर्ष अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसके कारण क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को पटना जाने के लिए सिक्स लेन पुल से होकर कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द पीपा पुल बनवाने के साथ ही आवागमन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए छोटे स्थायी पुल का निर्माण कराने की भी मांग की। उनका कहना है कि इससे राघोपुर क्षेत्र के लोगों को पटना आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
गौरतलब है कि पीपा पुल निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को भी लोगों ने कच्ची दरगाह की मुख्य सड़क जाम की थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिक्स लेन पुल उपलब्ध होने के बावजूद रुस्तमपुर में पीपा पुल उनके लिए अधिक सुविधाजनक है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर आवागमन की समस्या दूर करने की मांग की है।

