अभिमन्यु मांगलिक बने एसपी फतेहपुर
सात आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण
लखनऊ (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश सरकार ने कुल सात आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया, जिसमें बदायूं, फतेहपुर, कासगंज और भदोही सहित चार जिलों के पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारियां बदली गईं।

अभिमन्यु मांगलिक (2018 बैच के आईपीएस अधिकारी), जो हाल तक भदोही जिले के पुलिस अधीक्षक थे, को अब फतेहपुर जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। फतेहपुर के पूर्व पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह (2014 बैच) को डीजीपी मुख्यालय लखनऊ में संबद्ध कर दिया गया है। भदोही में नए पुलिस अधीक्षक के रूप में गोरखपुर के अपर पुलिस अधीक्षक रहे अभिनव त्यागी (2019 बैच) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह को एसपी लॉजिस्टिक्स लखनऊ बनाया गया है। कासगंज की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को बदायूं का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। लॉजिस्टिक्स लखनऊ के एसपी ओम प्रकाश सिंह-प्रथम को कासगंज का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त पाटिल निमिष दशरथ को गोरखपुर का एसपी (शहर) की जिम्मेदारी दी गई है।
ये तबादले राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा प्रशासनिक आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से किए गए हैं। विशेष रूप से अभिमन्यु मांगलिक का फतेहपुर जैसे बड़े जिले की कमान संभालना उनके करियर में एक प्रमुख कदम माना जा रहा है। वे पहले सहारनपुर और भदोही में सेवाएं दे चुके हैं। उनका बैकग्राउंड काफी प्रेरणादायक है, जहां उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट की नौकरी छोड़कर आईपीएस चुनी और सेवा के दौरान कई एनकाउंटर में हिस्सा लिया है।

