हरियाली पर कुल्हाड़ी, करधना में बिना अनुमति पेड़ों की कटाई
वाराणसी/मिर्जामुराद (जनवार्ता)। विश्व वन दिवस पर जहां पर्यावरण संरक्षण के संकल्प लिए जा रहे हैं, वहीं मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के करधना गांव में हरे पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। रविवार को बिना अनुमति जीवित पेड़ों पर खुलेआम कुल्हाड़ियां चलती रहीं, जिससे सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर उजागर हुआ। वही ग्रामीणों के अनुसार बिना वैध कागजी कार्रवाई के पेड़ों की कटाई धड़ल्ले से जारी है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


आरोप है कि वन माफिया पुलिस और वन विभाग की अनदेखी के बीच सक्रिय हैं। कुछ लोगों ने विभागीय मिलीभगत की भी आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है। जहाँ क्षेत्र में संचालित तीन आरा मशीनें भी संदेह के घेरे में हैं, जहां कटे पेड़ों की लकड़ी खपाई जा रही है। लगातार कटाई से पर्यावरणीय संतुलन, जलस्तर और खेती पर असर की आशंका जताई जा रही है। इस मामले पर डीएफओ वाराणसी ने जांच के आदेश देते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

