इग्नू में जनवरी 2026 सत्र के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी
वाराणसी (जनवार्ता): इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जनवरी 2026 सत्र के लिए ओपन डिस्टेंस लर्निंग (ODL) तथा ऑनलाइन कार्यक्रमों में फ्रेश प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 मार्च 2026 कर दी है। यह विस्तार कुछ प्रमाणपत्र तथा सेमेस्टर आधारित कार्यक्रमों को छोड़कर लागू है। यह जानकारी आधिकारिक समर्थ पोर्टल तथा विभिन्न क्षेत्रीय केंद्रों की घोषणाओं से प्राप्त हुई है।

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी के अंतर्गत 19 जनपदों में स्थित 35 अध्ययन केंद्रों पर कुल 210 से अधिक कार्यक्रमों में प्रवेश उपलब्ध हैं। इच्छुक अभ्यर्थी पूरी तरह ऑनलाइन ignouadmission.samarth.edu.in पर आवेदन कर सकते हैं।
वाराणसी के हरिश्चन्द्र पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र-48048 पर सर्टिफिकेट एवं डिप्लोमा कोर्स, बीए, बीकॉम, एमएससी (रसायन शास्त्र), एमए (राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, समाजशास्त्र) तथा साइबर कानून, उपभोक्ता संरक्षण, पेटेंट प्रैक्टिस, क्रिमिनल जस्टिस, मानव तस्करी निरोध, पैरालीगल प्रैक्टिस जैसे विशेष डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश लिया जा सकता है।
केंद्र समन्वयक प्रो. ओम शर्मा ने बताया कि आवेदन के लिए आधार या आधार आईडी, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की स्कैन कॉपी, फोटो एवं हस्ताक्षर आवश्यक हैं। ट्रांसफर सर्टिफिकेट या माइग्रेशन सर्टिफिकेट की कोई जरूरत नहीं है।
प्रवेश न मिलने पर पूरा शुल्क वापस मिलेगा। प्रवेश पुष्टि के बाद 60 दिनों के अंदर आवेदन निरस्त करने पर नियम अनुसार रिफंड का प्रावधान है। प्रवेश के बाद अध्ययन सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।
अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.ignou.ac.in या क्षेत्रीय केंद्र की साइट rcvaranasi.ignou.ac.in देखें। इच्छुक छात्र जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन करें और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।

