कादीपुर ओवरब्रिज का वीडियो वायरल कर उजाला कराने की मांग, व्यापार मंडल ने साधा प्रशासन पर निशाना
चौबेपुर (जनवार्ता):स्थानीय बाजार क्षेत्र में नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को चालू हुए एक माह बीत जाने के बाद भी प्रकाश की व्यवस्था नहीं की गई है। रात के समय पुल पर घोर अंधेरा रहता है, जिससे भारी वाहनों से लेकर साइकिल सवारों और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। वहीं जिला व्यापार मंडल के महामंत्री सोनू सेठ ने इस समस्या को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। वीडियो में ओवरब्रिज की अंधेरगाह को दिखाते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान आश्वासन दिया गया था कि यहां लाइटें लगाई जाएंगी, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ वहीं क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस ओवरब्रिज का उपयोग बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और बुजुर्ग भी करते हैं। रात के समय अंधेरे में न केवल दुर्घटना होने की आशंका रहती है, बल्कि संवेदनशील इलाका होने के कारण महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।


