387 ग्राम पंचायतें हुईं टीबी मुक्त, 19 पंचायतें लगातार तीसरे वर्ष बनीं टीबी मुक्त
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया 50 टीबी मरीजों को पोषण पोटली का वितरण
वाराणसी (जनवार्ता)। विश्व टीबी दिवस के अवसर पर मंगलवार को कबीर चौरा स्थित मंडलीय चिकित्सालय में भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वाराणसी जिले की 387 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया, जो जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी की एक उल्लेखनीय मिसाल बनकर उभरा है।


जिले की कुल 694 ग्राम पंचायतों में से 387 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। इनमें 19 ग्राम पंचायतें लगातार तीसरे वर्ष टीबी मुक्त रहने का गौरव प्राप्त कर चुकी हैं, जबकि 235 पंचायतें लगातार दूसरे वर्ष और 133 पंचायतें पहली बार इस उपलब्धि को हासिल कर सकी हैं। अभियान के तहत अब तक लगभग 1,25,000 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
लगातार तीसरी बार टीबी मुक्त घोषित होने वाली 19 ग्राम पंचायतों को महात्मा गांधी की स्वर्ण रंग की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “जनसहभागिता ही टीबी मुक्त अभियान की सफलता का प्रमुख आधार है।” उन्होंने इस अभियान को और अधिक व्यापक बनाने पर बल दिया। इस दौरान डॉ. नीलकंठ तिवारी ने 50 टीबी मरीजों को पोषण पोटली का वितरण किया तथा 5 निक्षय मित्रों और 3 टीबी चैंपियनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मानित निक्षय मित्रों में डॉ. स्वर्णलता सिंह, डॉ. कामाख्या जायसवाल, उजाला हॉस्पिटल रामनगर, गंगा सेवा सदन अस्पताल और रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ शामिल रहे।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि जिले में 23 टीबी यूनिट्स पर उपचार सुविधा उपलब्ध है तथा 12 नांट केंद्रों पर उच्च गुणवत्ता वाली जांच की व्यवस्था की गई है। सभी मरीजों को निःशुल्क जांच व उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने कहा कि जिला प्रशासन का संकल्प है कि वाराणसी को पूर्ण रूप से टीबी मुक्त बनाया जाए। इसके लिए आम जनता, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
कार्यक्रम में एसआईसी डॉ. बृजेश कुमार, डीटीओ, सीएमओ, रोटरी क्लब के पदाधिकारी, डिप्टी डीटीओ, सम्मानित ग्राम पंचायतों के प्रधान तथा एनटीईपी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

