नगर निगम : 259 करोड़ की तीन बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संकल्प से वाराणसी शहर की पेयजल और सीवर व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव होने जा रहा है। नगर निगम अब अमृत-2.0 योजना के तहत शहर के 18 अति-प्रभावित वार्डों तथा नव विस्तारित रामनगर और सूजाबाद क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य शुरू करने को तैयार है।

केंद्र व राज्य सरकार ने नगर निगम के साथ मिलकर कुल 259 करोड़ रुपये से अधिक की तीन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें सीवर नेटवर्क, पेयजल लाइन और संबंधित बुनियादी सुविधाओं का विकास शामिल है। सूत्रों के अनुसार इन परियोजनाओं की आधारशिला स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रख सकते हैं।
उत्तर प्रदेश शासन ने इन परियोजनाओं के लिए प्रथम किश्त भी जारी कर दी है और नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। ऐसे में सीवर और पेयजल पाइप लाइन बिछाने का कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा।
रामनगर जोन में सीवर नेटवर्क विस्तार और हर घर को सीवर कनेक्शन से जोड़ने के लिए 190.09 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत हुई है। इसके तहत 69.98 किमी ब्रांच लाइन, 3.4 किमी राइजिंग मेन लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही 10 एमएलडी क्षमता का एसटीपी और दो सीवर पंपिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे।
सूजाबाद जोन में शुद्ध पेयजल आपूर्ति बढ़ाने के लिए 34.77 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी मिली है। इस परियोजना के तहत 13,645 घरों को मुफ्त सीवर कनेक्शन दिए जाएंगे।
शहर के 18 अति-प्रभावित वार्डों में सीवर एवं पेयजल पाइप लाइन बदलने के लिए 33.44 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत हुई है।
वर्तमान में शहर की करीब 200 साल पुरानी पाइप लाइनों के कारण 48 प्रतिशत पानी लीकेज हो रहा है। नई पाइप लाइनों के बिछने से पानी के नुकसान पर लगाम लगेगी और पेयजल आपूर्ति का प्रेशर भी बढ़ेगा। शासन के संयुक्त सचिव देवेश मिश्र ने स्पष्ट किया है कि वाराणसी के विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

