नई बस्ती : चमरूबीर बाबा मोहल्ले में मारपीट, छेड़खानी का सिलसिला जारी
वाराणसी (जनवार्ता) : नई बस्ती के चमरूबीर बाबा मोहल्ले में स्थित नाले से लेकर गणेश पूजा स्थल और रामेष्ट नगर कॉलोनी तक का इलाका कुछ चिन्हित अराजक तत्वों का निरापद चारागाह बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ मनबढ़ युवक गिरोह बनाकर रोजाना मारपीट और छेड़खानी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

इलाके के शरीफ नागरिकों और विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि ये लोग जुआ संचालन, नशीले पदार्थों बिक्री और असलहों की तस्करी जैसे अवैध धंधों में लिप्त हैं। इनकी हरकतों से मोहल्ले के आम लोगों में दहशत का माहौल रहता है। छोटी-छोटी बातों पर झगड़े शुरू हो जाते हैं और फिर लाठी-डंडों व चाकू-चलते हुए मारपीट तक नौबत आ जाती है। लड़कियों से छेड़छाड़ की शिकायतें भी आम हैं।
पिछले कई वर्षों से यह सिलसिला चला आ रहा है। पीड़ित परिवार पांडेयपुर पुलिस चौकी और लालपुर थाने में बार-बार तहरीर देते हैं, लेकिन ज्यादातर मामलों में भुक्तभोगी पक्ष से सुलह-समझौता करा दिया जाता है। इससे अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस गश्त की भारी कमी है। इतनी दूर के इलाके में पुलिसकर्मी आमतौर पर केवल घटना हो जाने के बाद ही पहुंचते हैं। बाकी समय वे अपनी “निर्धारित अवधि” पर सिर्फ वसूली करने तक सीमित रहते हैं।
हालांकि, हालिया दिनों में पांडेयपुर चौकी इंचार्ज की सक्रियता से उम्मीद की किरण दिख रही है। सूत्रों के मुताबिक, चौकी प्रभारी ने इन चिन्हित अराजक तत्वों पर कठोर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया है कि अब सुलह के नाम पर अपराधियों को बचाया नहीं जाएगा।
इलाकावासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, अवैध जुआ और नशे के अड्डों पर छापेमारी की जाए तथा असलहों की तस्करी पर लगाम कसी जाए, ताकि नई बस्ती फिर से शांतिपूर्ण बस्ती बन सके।

