वाराणसी में नशामुक्त प्रदेश-खुशहाल प्रदेश के लिए 4 अप्रैल को निकलेगी पदयात्रा
वाराणसी, (जनवार्ता)। नशामुक्त भारत, खुशहाल भारत और अपराध मुक्त समाज के उद्देश्य को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन की ओर से शनिवार, 4 अप्रैल को वाराणसी में एक विशाल नशामुक्ति पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा बीएचयू के सिंह द्वार, लंका से शुरू होकर कटिंग ग्राउंड, नदेसर तक जाएगी।
यह जानकारी संगठन के जिलाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने शुक्रवार अपराह्न पराड़कर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पदयात्रा में संगठन के हजारों कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे। यात्रा के माध्यम से समाज को नशामुक्त परिवार और अपराध मुक्त समाज का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पदयात्रा के दौरान नशामुक्ति का शंखनाद करते हुए सरकार से नशामुक्त प्रदेश बनाने की मांग भी उठाई जाएगी। इस अवसर पर पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम से संगठन की केंद्रीय अध्यक्ष पूजा शुक्ला, केंद्रीय महासचिव अजय अवस्थी तथा चेतना आरूणी भी उपस्थित रहेंगी।
संगठन के अनुसार, इस जनजागरण अभियान को शहर में विभिन्न स्थानों पर संत-महात्माओं, समाजसेवी संस्थाओं और नागरिकों का व्यापक सहयोग मिलेगा।

