काशी से योगी का ‘स्कूल चलो’ संदेश: शिक्षा से बनेगा नया उत्तर प्रदेश
वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी के शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में नए शैक्षिक सत्र 2026-27 की शुरुआत करते हुए प्रदेशव्यापी ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्वयं अपने हाथों से स्कूल बैग पहनाए, नई किताबें वितरित कीं और पांच निपुण विद्यार्थियों को सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने वाराणसी के पांच निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “शिक्षा ही भविष्य की असली ताकत है। शिक्षा सिर्फ डिग्री लेने का नाम नहीं, बल्कि एक बेहतर इंसान बनाने का माध्यम है।” उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले शिक्षा व्यवस्था उपेक्षित थी और नकल की संस्कृति हावी थी, लेकिन अब पूरे प्रदेश में पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और प्रतिस्पर्धी शिक्षा का माहौल तैयार हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने शैक्षिक नवाचारों और उपलब्धियों की पुस्तिका का भी विमोचन किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा पर 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बजट खर्च कर रही है, ताकि हर बच्चे को बेहतर शिक्षा और अवसर मिल सकें। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनके समर्पण और मेहनत से ही ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ जैसे अभियान सफल हुए और स्कूलों की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है।
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ का उद्देश्य 6 से 14 वर्ष की आयु के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना और उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाना है। उन्होंने पिछले नौ वर्षों में परिषदीय बेसिक शिक्षा विद्यालयों में हुए व्यापक सुधारों पर भी प्रकाश डाला।
अभियान दो चरणों में चलेगा। पहला चरण 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक और दूसरा चरण जुलाई महीने में होगा। अभियान का मुख्य लक्ष्य है कि प्रदेश में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों द्वारा तैयार की गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनके प्रोजेक्ट्स की सराहना की। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे ‘स्कूल चलो अभियान’ से जुड़कर हर बच्चे को स्कूल पहुंचाने में सक्रिय सहयोग करें।
यह अभियान उत्तर प्रदेश सरकार की शिक्षा को मजबूत, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

