मोबाइल चार्जिंग विवाद में युवक की मौत, चारपाई से बांधकर पीटने का आरोप

मोबाइल चार्जिंग विवाद में युवक की मौत, चारपाई से बांधकर पीटने का आरोप

12 दिन तक मौत से जूझता रहा युवक, तीन नामजद आरोपियों पर हत्या का केस

सोनीपत, (जनवार्ता)। जिले के गन्नौर क्षेत्र के गांव पांची जाटान में मोबाइल चार्जिंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि तीन लोगों ने 32 वर्षीय युवक को चारपाई से बांधकर लाठी-डंडों और कस्सी के बिंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक ने 12 दिन तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ने के बाद 6 अप्रैल को दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

rajeshswari


पुलिस को दी शिकायत में गांव निवासी जयपाल ने बताया कि 24 मार्च की शाम उसका बड़ा बेटा कमलजीत पड़ोसी रामदास के घर अपना मोबाइल लेने गया था, जो वहां चार्जिंग पर लगा हुआ था। आरोप है कि फोन मांगने पर रामदास ने उसे देने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।


शिकायत के मुताबिक रामदास, भगवान दास और सोनू ने मिलकर पहले कमलजीत को चारपाई से बांध दिया। इसके बाद उस पर लाठी-डंडों और कस्सी के बिंडों से हमला किया गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर पिता जयपाल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने बेटे को गंभीर हालत में पिटते देखा। पिता को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।


घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से CHC गन्नौर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे BPS खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चलता रहा।

इसे भी पढ़े   मुंबई के वरिष्ठ पत्रकारों ने किया विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन


करीब 12 दिन तक इलाज के दौरान जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 6 अप्रैल को कमलजीत ने दम तोड़ दिया। मेडिकल रिपोर्ट में उसके शरीर पर छह गंभीर चोटें पाई गईं, जिन्हें कुंद हथियार से लगी बताया गया है। सर्जन और ऑर्थो विशेषज्ञों ने भी चोटों को गंभीर माना है।


पुलिस के अनुसार, शुरुआत में पड़ोस का मामला होने के कारण मृतक के पिता ने कार्रवाई से इनकार किया था और कुछ समय मांगा था। हालांकि बेटे की मौत के बाद उन्होंने लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


गन्नौर थाना पुलिस ने जयपाल की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर रामदास, भगवान दास और सोनू के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने विशेष रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *