मिर्जामुराद में देवर ने भाभी की कुल्हाड़ी से की हत्या, आरोपी गिरफ्तार…

मिर्जामुराद में देवर ने भाभी की कुल्हाड़ी से की हत्या, आरोपी गिरफ्तार…

मिर्जामुराद (जनवार्ता)। स्थानीय क्षेत्र के लच्छापुर गांव में शनिवार को घरेलू विवाद में देवर ने भाभी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
लच्छापुर (मिर्जामुराद) गांव निवासी पूनम पटेल (32) पत्नी सुजीत पटेल शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर के बाहर गेहूं फैला रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके देवर अजीत पटेल से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अजीत ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पूनम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई।

rajeshswari


घटना के बाद आरोपी ने खुद ही अपने बड़े भाई व पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी और हाथ में खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर मौके पर ही बैठा रहा। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।


सूचना पर एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और खून से सनी कुल्हाड़ी को कब्जे में लिया।
मृतका के पति सुजीत पटेल रेलवे में ग्रुप-डी कर्मचारी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वह घर पहुंचे और पत्नी का शव देखकर बेसुध हो गए। मृतका का पांच वर्षीय पुत्र हर्षवर्धन स्कूल से लौटकर घर पहुंचा तो भीड़ देखकर स्तब्ध रह गया।
बताया जाता है कि आरोपी अजीत पटेल मृतका की बहन से शादी करना चाहता था, जिसे लेकर परिवार में पहले भी विवाद हो चुका था। करीब एक माह पूर्व भी इस मामले में पुलिस ने आरोपी का शांति भंग में चालान किया था।
घटना के समय मृतका के सास-ससुर खेत में काम करने गए थे। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है, फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इसे भी पढ़े   गंगा डॉल्फिन संरक्षण के लिए वाराणसी और गाजीपुर में नियुक्त होंगे ‘डॉल्फिन मित्र’
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *