शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को अतीक अहमद जैसा अंजाम देने की धमकी, वाराणसी में केस दर्ज
वाराणसी, (जनवार्ता)। ज्योतिषपीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को अतीक अहमद जैसा अंजाम देने की धमकी मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में उनके शिष्यों की ओर से वाराणसी के भेलूपुर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

बताया गया कि अप्रैल के पहले सप्ताह में ज्योतिषमठ के आधिकारिक नंबर पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए शंकराचार्य को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि “जैसे अतीक अहमद को मारा गया, वैसे ही तुम्हारा भी हाल होगा।” इसके साथ ही गाली-गलौच भी की गई।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ‘गौ माता राष्ट्र माता’ अभियान के तहत विभिन्न शहरों में यात्रा कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। जल्द ही उनका यह अभियान प्रदेश की अलग-अलग विधानसभाओं तक पहुंचने वाला है।
भेलूपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शंकराचार्य के शिष्यों की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कॉल करने वाले की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
शंकराचार्य को धमकी मिलने की खबर के बाद संत समाज में गहरा आक्रोश है। साधु-संतों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए शंकराचार्य की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पांडे ने कहा कि सनातन परंपरा के प्रमुख संत को इस प्रकार धमकी मिलना करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर चोट है। उन्होंने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

