बिहार से वाराणसी तक हेरोइन सप्लाई का भंडाफोड़, 64 लाख की खेप संग तस्कर गिरफ्तार
एएनटीएफ की कार्रवाई में 319 ग्राम हेरोइन बरामद, नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश तेज
वाराणसी, (जनवार्ता)।अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वाराणसी एएनटीएफ यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 64 लाख रुपये मूल्य की 319 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कैफ जमाल उर्फ छोटू (42) निवासी शकुराबाद, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। एएनटीएफ टीम ने उसे थाना शिवपुर क्षेत्र स्थित काशीधाम लॉन के पास से दबोचा। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 319 ग्राम अवैध हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 1100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह हेरोइन बिहार से सस्ते दामों पर लाकर वाराणसी व आसपास के जिलों में छोटे पैकेट बनाकर ऊंचे दामों में बेचता था। इससे वह मोटा मुनाफा कमाता था। पुलिस का मानना है कि इस बार भी वह खेप खपाने के इरादे से वाराणसी आया था, लेकिन एएनटीएफ की सतर्कता से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शिवपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब उसके नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि ड्रग्स तस्करी के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई है और आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

